World Heritage Day 2026: विश्व विरासत दिवस के अवसर पर 18 अप्रेल को राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर के ऐतिहासिक स्थलों पर घूमने आने वाले पर्यटकों को खास तोहफा मिलने जा रहा है। इस दिन पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से 30 से अधिक स्मारकों और संग्रहालयों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।
इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जागरूक करना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। आम दिनों में जिन स्थानों पर टिकट लेकर प्रवेश करना होता है वहां 18 अप्रेल को फ्री एंट्री रहेगी।
पर्यटकों का होगा पारंपरिक स्वागत
इस खास दिन जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों का स्वागत राजस्थानी परंपरा के अनुसार किया जाएगा। तिलक लगाकर और माला पहनाकर मेहमानों का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही जगह-जगह रंगोली सजाई जाएगी, जिससे माहौल और भी आकर्षक बनेगा।
लोक कला और संस्कृति की दिखेगी झलक
विश्व विरासत दिवस के मौके पर पर्यटकों को राजस्थान की समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराने के लिए लोक कलाकारों द्वारा कच्ची घोड़ी, कालबेलिया जैसे लोक नृत्य और शहनाई वादन से विभिन्न प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इन प्रमुख स्थलों पर रहेगा आकर्षण
जयपुर के जंतर-मंतर, हवामहल, आमेर किला, नाहरगढ़ किला और अल्बर्ट हॉल संग्रहालय जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल इस दिन खास आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यहां दिनभर सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी और शाम के समय विशेष प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।


