घाटमपुर में चरवाहे की कटीले तार में फंसकर मौत:हिरनी गांव में गाय छुड़ाते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

साढ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में जानवर चरा काटकर लौट रहे किसान की कटीले तार में फंसकर मौत हो गई। किसान अपनी गाय को कंटीले तारों से छुड़ाने का प्रयास कर रहा था, तभी वह खुद भी तारों में उलझ गया। गाय के झटके और घसीटने से वह गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़ा। देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद वह घायल अवस्था में खेत में पड़ा मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव निवासी रामरतन पाल (50) शुक्रवार को रोजाना की तरह अपने जानवरों को चराने के लिए गांव के बाहर खेतों की ओर गए थे। शाम के समय जब वह जानवरों को लेकर वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में खेत के किनारे लगे कंटीले तारों में उनकी एक गाय फंस गई। गाय को तड़पता देख रामरतन उसे छुड़ाने लगे, लेकिन इसी दौरान अचानक गाय ने जोर का झटका मार दिया। झटके से रामरतन खुद भी तारों में उलझ गए और गाय के घसीटने से उनके शरीर पर गंभीर चोटें आ गईं। अत्यधिक खून बहने के कारण वह खेत में ही बेसुध होकर गिर पड़े। उधर, देर शाम तक रामरतन के घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। काफी देर इंतजार के बाद बेटा मनोज और अन्य परिजन उनकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान रामरतन खेत में गंभीर हालत में पड़े मिले। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *