हरियाणा के हांसी-हिसार नेशनल हाईवे पर स्थित एनएच-10 मार्केट में शनिवार रात करीब 8:45 बजे जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज जैन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल सूरज जैन को उनके कर्मचारियों ने तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवक एक गाड़ी में सवार होकर मार्केट में पहुंचे थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने सूरज जैन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान हिसार निवासी सूरज जैन के रूप में हुई है, जो एनएच-10 मार्केट स्थित जॉकी शोरूम का संचालन करते थे। घटना के बाद पूरे मार्केट में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार व कर्मचारी मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, आरोपी फरार वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। हमलावर मार्केट के बीच हमलाकर आसानी से फरार हो गए। एनएच-10 मार्केट जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस हत्या की घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


