नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में बाड़मेर नगर परिषद के लिए कल सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। नगर परिषद के 55 वार्डों में 63,078 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय में मतदान दलों को अंतिम ट्रेनिंग देने के बाद ईवीएम के साथ बूथों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगे। शहर में कुल 68 बूथों पर वोटिंग होगी। 68 में से 52 बूथ संवेदनशील-अति संवेदनशील प्रशासन और पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर बाड़मेर के 68 बूथों में से 32 संवेदनशील और 20 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। यानी कुल 52 बूथ संवेदनशील या अति संवेदनशील श्रेणी में हैं। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। जिला कलेक्टर और एसपी इन मतदान केंद्रों का पहले ही जायजा ले चुके हैं। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट और अतिरिक्त निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मौजूद रहे। बाड़मेर के कुल 47 लोकेशनों पर बनाए गए 68 पोलिंग बूथों की प्रशासनिक और पुलिस रिपोर्ट की जांच में कई तथ्य सामने आए हैं। शहर के 68 में से 52 बूथ यानी करीब 76 फीसदी पोलिंग स्टेशन संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन इलाकों में बवाल, पुरानी रंजिश और बाहरी लोगों के चुनाव में दखल का खतरा माना गया है। एक ही परिसर में 5 बूथ, 5 हजार से ज्यादा वोटर मुल्तानमल भीखचंद गांधी चौकी स्कूल के एक ही परिसर में बूथ नंबर 3, 4, 5, 6 और 7, यानी कुल 5 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 5 हजार से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। एक ही जगह बड़ी संख्या में मतदाताओं के पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव की आशंका जताई गई है। इसके अलावा जटिया समाज, जैन और मुस्लिम बहुल इलाकों में बनाए गए मतदान केंद्रों के साथ ही सुनारों के मोहल्ले को लेकर भी रिपोर्ट में बाहरी लोगों के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की आशंका जताई गई है। संवेदनशील बूथों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में घोषित 52 संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल और एसपी चूनाराम जाट ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। 32 संवेदनशील, 20 अति संवेदनशील और 16 सामान्य बूथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 68 मतदान केंद्र हैं। इनमें 32 संवेदनशील, 20 अति संवेदनशील और 16 सामान्य मतदान केंद्र हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि अति संवेदनशील बूथों की पहचान दो या अधिक प्रभावशाली प्रत्याशी होने, जातिगत गुटबाजी और बाहरी लोगों के जमावड़े जैसी स्थितियों के आधार पर की गई है। वहीं संवेदनशील बूथों में एक ही जगह 1,500 से अधिक वोटर होने और पहले झगड़े का इतिहास जैसी वजहें शामिल हैं। सामान्य बूथों पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में मानी गई है। संवेदनशील बूथों पर ASI समेत 5 पुलिसकर्मी तैनात पुलिस के अनुसार सामान्य मतदान केंद्रों पर 2 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं 52 संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर एक ASI या हेड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबल का जाब्ता रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को अतिरिक्त रूप से मजबूत किया गया है। मंगलवार सुबह 9 बजे रवाना हुए मतदान दल उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि बाड़मेर नगर परिषद क्षेत्र में चुनाव संपन्न करवाने के लिए मंगलवार सुबह 9 बजे राजकीय महाविद्यालय से मतदान दलों की रवानगी की गई। दलों को अंतिम ट्रेनिंग देने के बाद ईवीएम और चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया। चुनाव की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान बाड़मेर जिले में नगर परिषद और चौहटन नगरपालिका के पर्यवेक्षण के लिए राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के अतिरिक्त निदेशक प्रवीण कुमार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पर्यवेक्षक बाड़मेर जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में रहेंगे। उनका मोबाइल नंबर 9413311666 है। पर्यवेक्षक पहले चरण में 14 सितंबर तक मतगणना पूरी होने तक मौजूद रहेंगे। वहीं दूसरे चरण में 22 सितंबर से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन तक उनकी मौजूदगी रहेगी।

