खंडवा शहर में निर्माणाधीन तीन पुलिया ओवरब्रिज के निर्माण कार्य और भविष्य की यातायात व्यवस्था को लेकर मंगलवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी अगम जैन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ओवरब्रिज की तीनों भुजाओं का जायजा लिया और देखा कि ब्रिज शुरू होने के बाद यहां ट्रैफिक किस तरह संचालित किया जाएगा। संभावित ट्रैफिक जंक्शन, ब्लैक स्पॉट, सड़क की चौड़ाई और स्लोप सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रशासन का फोकस ब्रिज शुरू होने से पहले सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था तैयार करने पर है। ब्रिज शुरू होने से पहले तैयार होगा ट्रैफिक प्लान कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य सिर्फ निर्माण की प्रगति देखना नहीं, बल्कि ओवरब्रिज चालू होने के बाद बनने वाली नई यातायात व्यवस्था को पहले से तय करना है। ब्रिज की अलग-अलग भुजाएं जहां सड़कों से जुड़ेंगी, वहां वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई नया ब्लैक स्पॉट तो नहीं बन रहा और सड़क का स्लोप इतना अधिक तो नहीं है, जिससे वाहनों की सुरक्षित गति प्रभावित हो। जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त जमीन लेकर चौड़ी होगी सड़क निरीक्षण के दौरान पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग, ब्रिज निर्माण से जुड़ी टीम और ठेकेदार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों से निर्माण के अलग-अलग हिस्सों की टाइमलाइन की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी स्थान पर ब्लैक स्पॉट बनने की संभावना दिखाई देती है तो वहां अतिरिक्त जमीन लेकर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। ब्रिज के साथ उससे जुड़ने वाली सड़कों को भी यातायात के लिहाज से सुरक्षित बनाने की तैयारी की जा रही है। आनंद नगर छोर पर रामेश्वर पुलिया बनेगी चुनौती कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि ओवरब्रिज की आनंद नगर की ओर जाने वाली भुजा के अंतिम छोर से करीब 100 मीटर की दूरी पर रामेश्वर पुलिया है। इस हिस्से में ट्रैफिक चोक होने की स्थिति को रोकना बड़ी चुनौती है। ब्रिज शुरू होने के बाद एक साथ आने-जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यहां पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रशासन यह देख रहा है कि ब्रिज से उतरने वाले वाहनों और रामेश्वर पुलिया की ओर आने-जाने वाले ट्रैफिक के बीच किसी तरह का टकराव या जाम की स्थिति पैदा न हो। निर्मित हिस्से में फेब्रिकेशन का काम जारी कलेक्टर के मुताबिक, ओवरब्रिज के निर्मित हिस्से में फिलहाल फेब्रिकेशन का काम चल रहा है। निर्माण की मौजूदा स्थिति और बाकी बचे कार्यों को देखते हुए प्रोजेक्ट को पूरी तरह कंप्लीट होने में अभी करीब 5 से 6 महीने का समय लग सकता है। ऐसे में शहरवासियों को ओवरब्रिज के पूरी तरह चालू होने के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ेगा। सांसद ने दिवाली तक काम पूरा करने को कहा था गौरतलब है कि खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने पिछले निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से ओवरब्रिज का काम दिवाली तक पूरा करने की बात कही थी। सांसद ने अधिकारियों से स्पष्ट तौर पर कहा था कि उन्हें इस दिवाली तक ओवरब्रिज का काम कंप्लीट चाहिए। अब कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान सामने आई 5 से 6 महीने की टाइमलाइन को देखा जाए तो प्रोजेक्ट की डेडलाइन दिवाली से आगे जाती नजर आ रही है। मौजूदा समयसीमा के अनुसार काम पूरा होने पर ओवरब्रिज का निर्माण अगले साल होली के आसपास पूरा होने की संभावना है। प्रशासन के सामने निर्माण और ट्रैफिक की चुनौती तीन पुलिया ओवरब्रिज शहर के ट्रैफिक के लिहाज से अहम प्रोजेक्ट है। प्रशासन के सामने अब निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के साथ ब्रिज शुरू होने से पहले सुरक्षित यातायात व्यवस्था तैयार करने की चुनौती है। अधिकारियों का कहना है कि ब्रिज चालू होने के बाद यातायात सुचारु रहे और किसी नए ब्लैक स्पॉट की स्थिति न बने, इसी को ध्यान में रखकर अभी से प्लानिंग की जा रही है।

