Rajasthan: काली एसयूवी ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, 2 की घटनास्थल पर हुई मौत, एक की हालत नाजुक

Rajasthan: काली एसयूवी ने बाइक सवार युवकों को रौंदा, 2 की घटनास्थल पर हुई मौत, एक की हालत नाजुक

झुंझुनूं। चिड़ावा-मंड्रेला मार्ग पर कोपरिया कुआं के पास मंगलवार रात एसयूवी की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। करीब दो घंटे तक समझाइश के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में आक्रोशित लोगों ने पुलिस के वाहन पर पथराव कर दिया। स्थिति को देखते हुए जिले से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर बुलाया गया।

जानकारी के अनुसार, सुलताना का बास निवासी राजेश सैनी पुत्र महेंद्र सैनी, ओमप्रकाश सैनी पुत्र इंद्र सिंह सैनी और अशोक पुत्र रामकुमार मोटरसाइकिल पर सवार होकर सुलताना का बास से कोपरिया कुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही काली एसयूवी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अनियंत्रित थार सड़क से उतरकर खेतों में काफी दूर तक चली गई। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं थार को भी नुकसान पहुंचा है।

अस्पताल में दो को मृत घोषित किया

हादसे के बाद घायलों को निजी वाहन की मदद से बाइपास स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद राजेश सैनी और ओमप्रकाश सैनी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए।

परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। राजेश सैनी खेती-बाड़ी करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं, ओमप्रकाश सैनी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। अचानक हुई इस घटना से सुलताना का बास सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

हादसे के बाद ग्रामीणों ने मंड्रेला मार्ग पर सड़क के बीच बैठकर जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदार चालक को तत्काल गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे चिड़ावा थाना प्रभारी लक्ष्मीचंद वर्मा ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। चिड़ावा पालिकाध्यक्ष सुमित्रा सैनी, ओबीसी आयोग के सदस्य पवन मावंडिया और सैनी समाज संस्था के जिलाध्यक्ष राजेश सैनी ने भी पुलिस अधिकारियों से आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के बाद थार में सवार लोग मौके से भाग गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाहन में शराब की बोतलें थीं और चालक नशे में था। इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।

समझाइश के बाद भी नहीं माने ग्रामीण, पुलिस वाहन पर पथराव

पुलिस ने करीब दो घंटे तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन उनका आक्रोश कम नहीं हुआ। ग्रामीण लगातार नारेबाजी करते रहे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग दोहराते रहे। इसी दौरान पुलिस के वाहन लौटने लगे तो आक्रोशित लोगों ने चलती गाड़ी पर पत्थर फेंके। इसके बाद पुलिसकर्मी अपने दोनों वाहनों को लेकर वहां से निकल गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे में शामिल गाड़ी भाजपा नेता की है और उनका बेटा चला रहा था। इसको लेकर ग्रामीणों ने संबंधित जनप्रतिनिधि के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों, चालक की भूमिका और ग्रामीणों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह वीडियो भी देखें :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *