सहारनपुर में नाबालिग को ले जाने का आरोपी अरेस्ट:पड़ोसी इरशाद 16 दिन बाद अंबाला रोड से पकड़ा गया, जांच में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ीं

सहारनपुर में नाबालिग को ले जाने का आरोपी अरेस्ट:पड़ोसी इरशाद 16 दिन बाद अंबाला रोड से पकड़ा गया, जांच में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ीं

सहारनपुर में 13 साल की किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पड़ोसी इरशाद को शनिवार शाम 5 बजे अंबाला रोड पर चकआदमपुर पुलिया के पास से पकड़ा गया। जांच के दौरान पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
मामला कुतुबशेर थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी का है। किशोरी की मां ने 24 अक्टूबर को थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी 13 साल की बेटी 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे घर से लापता हो गई थी।
महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाला इरशाद पुत्र इस्लाम उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया। उन्होंने संभावित जगहों पर बेटी को तलाशा, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस से बेटी को खोजने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने इरशाद के खिलाफ केस दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू की। शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना पर उसे चकआदमपुर पुलिया के पास गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और किशोरी के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण किया और अन्य सबूत जुटाए। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराएं भी जोड़ी हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में हुई। टीम में एसआई अजयपाल सिंह और हेड कांस्टेबल रूपेंद्र कुमार शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *