उज्जैन में नशे के कारोबार से जुड़े फरार आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एनडीपीएस (NDPS) के मामलों में 10 साल से अधिक समय से फरार चल रहे 60 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसपी प्रदीप शर्मा ने 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इनमें ऐसे आरोपी भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी हो चुके हैं, लेकिन वे लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कुछ मामलों में पुलिस आरोपियों को 1999 से तलाश रही है। एसपी के मुताबिक, मुख्यमंत्री और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 27 अक्टूबर से एनडीपीएस अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत पुलिस की टीमें दूसरे जिलों और राज्यों में रहने वाले फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पिछले तीन दिनों में ऐसे करीब दो वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। PIT-NDPS में पिछले साल 2, इस साल 20 आरोपी जेल भेजे एसपी ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ इस साल PIT-NDPS एक्ट के तहत 20 आरोपियों पर कार्रवाई कर उन्हें जेल में निरुद्ध किया गया है। जबकि पिछले साल इस एक्ट के तहत केवल 2 लोगों पर कार्रवाई हुई थी। पुलिस अब ऐसे लोगों पर भी नजर रख रही है, जिन्हें न्यायालय से जमानत मिली है। दोबारा नशे के कारोबार में शामिल होने की जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस साल 63 मामलों में 109 आरोपी गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, इस साल एमडी, स्मैक, गांजा, अफीम और चरस जैसे प्रतिबंधित मादक पदार्थों से जुड़े 63 से ज्यादा प्रकरणों में 109 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अब इन मामलों में जल्द सुनवाई और सजा दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। एसपी ने अगले 15 दिनों में सभी मामलों के गवाहों और विवेचना अधिकारियों की न्यायालय में पेशी कराने का लक्ष्य रखा है।

