भदोही में शुक्रवार दोपहर 2 बजे पुलिस लाइन के ज्ञानपुर सभागार में बाल संरक्षण को लेकर जिला स्तरीय बैठक हुई। अपर पुलिस अधीक्षक और एएचटी के नोडल अधिकारी शुभम अग्रवाल ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे जागरूकता अभियानों और बेसहारा बच्चों के लिए संचालित ऑपरेशन नया जीवन की समीक्षा की गई। वर्ष 2026 में पॉक्सो एक्ट और गुमशुदा बच्चों से जुड़े दर्ज मामलों पर भी चर्चा हुई। किशोर न्याय अधिनियम 2015 के तहत बाल भिक्षावृत्ति रोकने और बाल श्रम खत्म करने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों में बच्चों को किया जाएगा जागरूक अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने सभी सरकारी स्कूलों में मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को इन अपराधों के बारे में जानकारी दी जाए, ताकि वे सतर्क रह सकें। होटल और ढाबों पर जांच के निर्देश बैठक में होटल, ढाबों और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों की जांच कर बाल श्रम रोकने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अभियान के दौरान बाल श्रम से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद बैठक में किशोर न्याय बोर्ड, एएचटी थाना प्रभारी, सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी, जिला बाल संरक्षण इकाई, सहायक अभियोजन अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और समाज कल्याण अधिकारी शामिल हुए। एनजीओ के अधिकारी-कर्मचारी और महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहीं।

