बागपत में समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीश राजा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे बागपत पहुंचे। उन्होंने सपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी, प्रदेश सचिव संजीव त्यागी समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। चुनाव आयोग पर लगाए आरोप अनीश राजा ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव निष्पक्ष तरीके से होते तो समाजवादी पार्टी 11 सीटें जीतती। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है, जिससे दूसरी पार्टियों को चुनाव में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है और भाजपा इससे घबराई हुई है। राजा ने प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और अपराध नियंत्रण के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था बिगड़ी हुई है और हर वर्ग परेशान है। अखिलेश यादव की विचारधारा से जुड़ रहे लोग राजा ने कहा कि लोग सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। आने वाले समय में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जनता से झूठे और खोखले वादे करने का आरोप भी लगाया।

