जैसलमेर में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 की तैयारी:कलेक्टर बोलीं- माई भारत पोर्टल पर युवाओं का 100% हो रजिस्ट्रेशन

जैसलमेर में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग-2027 की तैयारी:कलेक्टर बोलीं- माई भारत पोर्टल पर युवाओं का 100% हो रजिस्ट्रेशन

जैसलमेर में माई भारत जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक का मुख्य फोकस आगामी ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027’ में जैसलमेर जिले के युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा- कॉलेज और स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि संस्थानों के सभी विद्यार्थियों का माई भारत पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण हो। इसके लिए जिलेभर में व्यापक स्तर पर जागरूकता और पंजीकरण अभियान चलाने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस अनूठी पहल से जोड़ा जा सके। अक्टूबर-नवंबर में होंगे विशेष कार्यक्रम बैठक में जिला युवा अधिकारी माई भारत पंकज माड़ेचा ने कहा- विकसित भारत यंग लीडर कार्यक्रम 2027 के अंतर्गत अक्टूबर और नवंबर 2026 में कई प्रमुख आयोजन किए जाएंगे। इनमें ‘विकसित भारत युवा संसद’, ‘विकसित भारत चेंज ट्रेक’ कार्यक्रम और विशेष सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का संचालन शामिल है। युवाओं को माईभारत के जरिए शासन और विकास से जुड़े विभिन्न अवसरों का लाभ दिलाने के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में कॉलेज शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, आईटीआई, जिला उद्योग केंद्र, भारत स्काउट एंड गाइड सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रधानाचार्य और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *