12 करोड़ के सड़क मरम्मत कार्य का भूमिपूजन:कांग्रेस विधायक की पदयात्रा से पहले, हरदा-आशापुर मार्ग पर 71Km की होगी मरम्मत

12 करोड़ के सड़क मरम्मत कार्य का भूमिपूजन:कांग्रेस विधायक की पदयात्रा से पहले, हरदा-आशापुर मार्ग पर 71Km की होगी मरम्मत

हरदा में नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे की खराब हालत को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक डॉ. आर.के. दोगने की पदयात्रा से पहले पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा से आशापुर तक 12 करोड़ रुपये के सड़क उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले साल इस सड़क को बनाने की घोषणा की थी, लेकिन एक साल बाद भी काम शुरू नहीं हुआ था। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने 27 सितंबर को सुबह 10 बजे छीपाबड़ के अंबेडकर चौक से पदयात्रा शुरू करेंगे। यह पदयात्रा 28 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर खत्म होगी। कांग्रेस का आरोप है कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण आम लोगों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। गड्ढों और बदहाल सड़क के कारण आवागमन मुश्किल बना हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि पदयात्रा के जरिए सड़क की समस्या को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जाएगा और जल्द सुधार की मांग की जाएगी। कांग्रेस विधायक की पदयात्रा शुरू होने से पहले शुक्रवार शाम को पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा-खंडवा मार्ग पर अजनाल नदी के पुल के पास अपने समर्थकों के साथ भूमिपूजन किया। उन्होंने विधायक दोगने पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके विधायक बनने से क्षेत्र का विकास रुक गया है। बीते तीन सालों में क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हो सका है। पटेल ने आरोप लगाया कि विधायक दोगने उनके किए गए कामों का झूठा श्रेय लेकर राजनीति कर रहे हैं। पटेल ने बताया कि उनके आग्रह पर मुख्यमंत्री ने इस मार्ग को बनाने की घोषणा की थी। फिलहाल हरदा से आशापुर तक 71 किलोमीटर के मार्ग पर 12 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य शुरू होगा, जिससे वाहन चालकों का आवागमन आसान होगा। उन्होंने यह भी बताया कि 22 सितंबर को चारुवा में मुख्यमंत्री ने इस मार्ग के लिए स्वीकृति दी थी। इसमें हरदा से आशापुर तक करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से 10 मीटर चौड़ा मार्ग बनना है, जिसे एमपीआरडीसी द्वारा लगभग दो साल में पूरा किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *