दमोह जिले के कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की फोटो लगाकर एक फर्जी वॉट्सऐप प्रोफाइल बनाने का मामला सामने आया है। जालसाज कलेक्टर की तस्वीर का इस्तेमाल कर शुक्रवार शाम से लोगों को मैसेज भेज रहा है। मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए जनता से सावधान रहने की अपील की है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फर्जी वॉट्सऐप प्रोफाइल में भले ही कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की फोटो लगी है, लेकिन जिस नंबर से मैसेज आ रहे हैं वह थाईलैंड (विदेशी कोड) का दिखाई दे रहा है। इस नंबर के जरिए लोगों को पैसों के लेनदेन से जुड़े भ्रामक और ठगी वाले संदेश भेजे जा रहे हैं। कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें, फर्जी नंबर को तुरंत ब्लॉक करके रिपोर्ट करें और अपनी कोई भी व्यक्तिगत जानकारी या पैसे साझा न करें। पहले भी अधिकारियों की बन चुकी हैं फर्जी प्रोफाइल दमोह में अधिकारियों की फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी की कोशिश का यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी तत्कालीन कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर और तत्कालीन एसपी श्रुति कीर्ति सोमवंशी के नाम से साइबर ठगों ने फर्जी वॉट्सऐप प्रोफाइल बनाई थी। हालांकि, पुलिस जांच के बावजूद उन पुरानी घटनाओं का अब तक कोई खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस नए मामले की पड़ताल में जुट गई है।

