विदिशा में व्यक्ति की जेब से गिरे 50 हजार रुपये:CCTV की मदद से 48 घंटे में मिले, पुलिस ने लौटाई पूरी रकम

विदिशा में व्यक्ति की जेब से गिरे 50 हजार रुपये:CCTV की मदद से 48 घंटे में मिले, पुलिस ने लौटाई पूरी रकम

विदिशा शहर में एक व्यक्ति की जेब से गिरे 50 हजार रुपये कोतवाली पुलिस ने दो दिन में ढूंढकर असली मालिक को लौटा दिए। पुलिस ने यह रकम सीसीटीवी कैमरों की मदद से खोजी। पैसे वापस मिलने पर फरियादी ने पुलिस की तारीफ की। सलामतपुर निवासी रणवीर सिंह ठाकुर 23 सितंबर को कांच मंदिर के पास रुके थे। इस दौरान उन्होंने अपना रेनकोट उतारा। रेनकोट में एक पन्नी में 50 हजार रुपये, चेकबुक और पासबुक रखे थे। यह सामान अनजाने में नीचे गिर गया और रणवीर सिंह को इसका पता नहीं चला। करीब दो-तीन घंटे बाद जब उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी, तो जेब खाली मिली। रणवीर सिंह तुरंत उस जगह पहुंचे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी आनंद राज के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। एक कैमरे में साफ दिखा कि सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति के पैर में नोटों का बंडल लगा। उसने वह बंडल उठाकर अपने पास रख लिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान की और उसे थाने बुलाया। पूछताछ में उसने बिना किसी बहस के पूरी रकम लौटा दी। आज कोतवाली थाने में पुलिस ने पूरे 50 हजार रुपये रणवीर सिंह ठाकुर को सौंप दिए। रणवीर ने कहा कि अगर पुलिस ने रात में ही कैमरे नहीं देखे होते, तो शायद उनके मेहनत के पैसे कभी वापस नहीं मिलते।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *