कानपुर में 100 साल पुराने मकान का छज्जा भरभराकर गिरा:बिल्डिंग की दीवारों में भी आईं दरारें, दुकानदारों ने बना रखा है गोदाम

कानपुर में 100 साल पुराने मकान का छज्जा भरभराकर गिरा:बिल्डिंग की दीवारों में भी आईं दरारें, दुकानदारों ने बना रखा है गोदाम

कानपुर में लगातार हो रही बारिश के बीच जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को वार्ड-90 दानाखोरी, जोन-1 के लोकमन मोहाल स्थित 68/109 में एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में मकान में लगा पेड़ भी गिर गया। छज्जा और पेड़ गिरने से नीचे खड़ी बाइक टूट गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि मकान की दीवारें भी बेहद जर्जर हालत में हैं और बारिश के चलते इनके और कमजोर होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय पार्षद आदर्श गुप्ता को दी। पार्षद मौके पर पहुंचे और नगर निगम की टीम को सूचना देकर बुलाया। जर्जर मकान के आसपास की गई बैरिकेडिंग नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा को देखते हुए जर्जर मकान के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई, ताकि लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके। टीम ने मकान के पास गिरा पेड़ भी हटाया। जर्जर भवन के कारण आसपास के लोगों में भी हादसे की आशंका बनी हुई है। करीब 100 साल पुराना है मकान पार्षद आदर्श गुप्ता ने बताया कि यह मकान करीब 100 साल पुराना है। पिछले करीब 22 साल से मकान के मालिक अजय कुमार सार्राफ अपने परिवार के साथ कोलकाता शिफ्ट हो चुके हैं। वर्तमान में आसपास के बाजार के कुछ लोगों ने इस बिल्डिंग में गोदाम किराए पर ले रखे हैं। उन्होंने बताया कि बारिश को देखते हुए मकान के आसपास विशेष सावधानी बरती जा रही है। जर्जर मकानों के सर्वे कराने की मांग पार्षद ने बताया कि शनिवार सुबह पेड़ को पूरी तरह काटकर हटाने के साथ ही सड़क पर पड़ा मलबा भी साफ कराया जाएगा। इसके बाद सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पुराने और जर्जर मकानों को लेकर नगर निगम को सर्वे कराकर जरूरी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *