Trisha Krishnan Bomb Threat Investigation: थलापति विजय के साथ कथिततौर पर अफेयर को लेकर हाल ही में सुर्खियों में रहीं तृषा कृष्णन को चेन्नई के तेयनमपेट इलाके में उनके आवास पर बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी से कुछ समय के लिए दहशत फैल गई, लेकिन तलाशी के बाद खबर झूठी साबित हुई।
ईमेल के जरिये मिली धमकी
खबरों के मुताबिक, शहर के कंट्रोल रूम को एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के घर पर विस्फोटक सामग्री रखे जाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद दहशत फैल गई। ईमेल में दावा किया गया था कि परिसर के अंदर बम रखा गया है, जिसके बाद लॉ इंफोर्स्मेंट एजेंसियों (Law Enforcement Agencies) ने तुरंत कार्रवाई की।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, तेयनमपेट पुलिस, बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) और खोजी कुत्तों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और तलाशी ली। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि तृषा के घर पर “कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली”, और धमकी को झूठी खबर घोषित कर दिया गया।
जांच अभी भी जारी है
खबरों के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने दावा किया है कि इसी ईमेल आईडी का इस्तेमाल पहले भी चेन्नई के पोएस गार्डन इलाके में रजनीकांत और धनुष जैसे अभिनेताओं के घरों को इसी तरह की धमकियां भेजने के लिए किया गया था। अधिकारियों ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर क्राइम विंग को भी लगाया गया है।
पहले भी एक्ट्रेस को मिल चुकी हैं धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को बम की धमकी का सामना करना पड़ा है। 2025 में अक्टूबर महीने में भी उनके घर पर इसी तरह की धमकी की खबर आई थी। उस समय तमिलनाडु में इस तरह की कई झूठी धमकियां मिली थीं। यहां तक कि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को भी उस दौरान इसी तरह की धमकियां मिलने की खबरें आई थीं।
तृषा को मिली धमकी के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें आपराधिक धमकी और अधिकारियों को झूठी जानकारी देने के आरोप शामिल हैं।
तृषा के वर्कफ्रोंट की बात करें तो 42 वर्षीय एक्ट्रेस इन दिनों अभिनेता चिरंजीवी की फिल्म ‘विश्वम्भरा’ में एक्टिंग करने की तैयारी कर रही हैं। इसके अलावा, वो जल्द ही आर. जे. बालाजी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘करप्पू’ में भी नजर आने वाली हैं।


