180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो! अमरावती कांड का आरोपी अयान अहमद गिरफ्तार

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो! अमरावती कांड का आरोपी अयान अहमद गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाडा से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर वायरल करने वाले 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में 180 से ज्यादा लड़कियों के वीडियो प्रसारित होने का दावा किया जा रहा है, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

अयान पर गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अयान अहमद तन्वीर अहमद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी अयान का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच जारी है। इस मामले में अयान के साथ कुछ और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

मासूमों को फंसाने के लिए रचा पूरा जाल?

अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों से दोस्ती करता था। उनसे बातचीत कर नजदीकियां बढ़ाता था। इसके बाद उनकी इच्छा के खिलाफ अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर उनकी बदनामी करने की कोशिश की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अयान लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो को इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर देता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कई पीड़ित लड़कियां नाबालिग हैं।

परतवाडा पुलिस को सूचना मिली कि कुछ नाबालिग लड़कियों और एक युवक के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलाए जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने की शिकायत दर्ज कराने की अपील

अमरावती ग्रामीण पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। इस मामले में अब तक कोई भी पीड़ित लड़की या उसका परिवार सामने नहीं आया है। पुलिस का मानना है कि बदनामी के डर से लोग शिकायत नहीं दर्ज करा रहे हैं।

पीड़ितों की पहचान रहेगी गोपनीय- पुलिस

पुलिस ने पीड़िताओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। अमरावती ग्रामीण पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जो भी शिकायत लेकर आएगा, उनकी पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और उन्हें कानूनी मदद के साथ-साथ काउंसलिंग भी प्रदान की जाएगी।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक वीडियो और पोस्ट को शेयर या फॉरवर्ड न करें।

इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने इस तरह की घटनाओं के पीछे काम कर रही संभावित गैंग का पर्दाफाश करने की मांग की है। उन्होंने दावा कि लगभग 180 युवतियों का यौन उत्पीड़न किया गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि 350 से अधिक अश्लील वीडियो वायरल हो चुके हैं।

वहीं, अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे ने भी पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भाजपा नेता ने भी इस मामले में 180 से अधिक लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो होने का दावा किया है।

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किस तरह नाबालिगों की जिंदगी बर्बाद कर सकता है। अमरावती का यह कांड न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है और उम्मीद की जा रही है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *