गोरखपुर के नकहा-नौतनवा रेल मार्ग पर रावतगंज स्टेशन के पास एक बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। इसके बाद बाइक करीब 100 मीटर तक ट्रेन के नीचे घसीटते हुए गई। यह देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। यात्री भी ट्रेन से उतरकर घटना देखने लगे। अब विस्तार से पढिए पूरा मामला शुक्रवार शाम नकहा-नौतनवा रेल मार्ग पर एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। रावतगंज स्टेशन क्षेत्र के मेथैली गांव के पास एक युवक ने लापरवाही दिखाते हुए बिना किसी अधिकृत रेलवे क्रॉसिंग के रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। इसी दौरान नौतनवा से गोरखपुर होते हुए छपरा जा रही नौतनवा-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस (15106) वहां पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन को नजदीक आता देखकर बाइक सवार घबरा गया। उसने अपनी मोटरसाइकिल ट्रैक पर ही छोड़ दी और जान बचाने के लिए वहां से भाग निकला। हालांकि बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई और इंजन के नीचे फंस गई। बाइक लगभग 100 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटती चली गई। पायलट को लगानी पड़ी इमरजेंसी ब्रेक घटना को देखते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन के अचानक रुकने पर यात्री भी नीचे उतर आए और मामला जानने की कोशिश करने लगे। स्थिति को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका। बताया जा रहा है कि ट्रेन कैंपियरगंज और पीपीगंज के बीच पहुंची थी, तभी यह घटना हुई। बाइक इंजन के नीचे फंस जाने के कारण ट्रेन का संचालन प्रभावित हो गया। रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकाला। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस घटना के कारण ट्रेन में सफर कर रहे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को लंबे समय तक ट्रेन में इंतजार करना पड़ा, जबकि रेलवे संचालन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते लोको पायलट इमरजेंसी ब्रेक नहीं लगाते, तो यह घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। उनका कहना है कि रेलवे ट्रैक को अनधिकृत तरीके से पार करना बेहद खतरनाक है और ऐसी लापरवाही हजारों यात्रियों की जान को जोखिम में डाल सकती है। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं नकहा आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी हुई है।


