कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र के तरसौरा गांव में शनिवार रात करीब 8 बजे मोबाइल चार्ज करते समय करेंट लगने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय गोला प्रसाद पटेल के रूप में हुई है। गोला प्रसाद पटेल अपने घर पर अकेले रहते थे। शनिवार रात वह अपना मोबाइल चार्ज करने के लिए दीवार में लगे बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान बोर्ड में शार्ट सर्किट हो गया।
शार्ट सर्किट के कारण एक तार टूटकर उनके हाथों से छू गया और उन्हें जोरदार करेंट लगा। करेंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़े और तार उनके ऊपर ही गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शार्ट सर्किट की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनके छोटे भाई उदय मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने गोला प्रसाद को मृत पाया। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। कोखराज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।


