नाथूसरी चौपटा पुलिस ने ब्लैकमेल करने वाला पकड़ा:झूठा मामला दर्ज कराया, महिला के माध्यम से जाल में फंसाने की कोशिश

सिरसा जिले में नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और झूठा मामला दर्ज कराने के षड्यंत्र में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सरपंच पद के दुरुपयोग से जुड़े एक मामले में की है। थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव जमाल निवासी मोहन लाल पुत्र अमर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। मोहन लाल ने आरोप लगाया था कि उसने 18 जनवरी 2026 को आरटीआई के जरिए गांव के विकास कार्यों और सरपंच की शैक्षणिक योग्यता के बारे में डीसी कार्यालय सिरसा और सीएम कार्यालय से जानकारी मांगी थी। इस जानकारी मांगने से नाराज होकर गांव की महिला सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि और अन्य व्यक्तियों ने मोहन लाल को झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने गांव की एक महिला को मोहन लाल के मोबाइल पर वीडियो कॉल के माध्यम से अश्लील बातचीत करने के लिए उकसाया। झूठा केस दर्ज कराने की बनाई योजना आरोपियों ने महिला को मीठी बातों में फंसाकर मोहन लाल के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवाने की योजना बनाई थी। इस साजिश का उद्देश्य मोहन लाल को ब्लैकमेल करना था। पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरेंद्र निवासी गांव जमाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हो सके। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और इस मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *