मुख्य बस स्टैण्ड पर दिनभर जाम, भारी वाहनों ने बढ़ाई परेशानी

मुख्य बस स्टैण्ड पर दिनभर जाम, भारी वाहनों ने बढ़ाई परेशानी

सब हैडिंग: अतिक्रमण से सड़के संकरी, शादियों के सीजन में बढ़ा यातायात दबाव

बस्सी. शहर के मुख्य बस स्टैण्ड पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहने से न केवल वाहन चालक बल्कि दुकानदार भी परेशान है। शहर के बीचों-बीच से गुजर रहे भारी वाहनों खासकर रोड़ी व बजरी से भरे ट्रकों के कारण बार-बार यातायात बाधित होता रहा। जाम के चलते आमजन, यात्रियों व दुकानदारों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। मुख्य बस स्टैण्ड पर थोड़ी-सी भी भीड़ बढ़ते ही जाम लग जाता है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।

अतिक्रमण से सिकुड़ गया मुख्य सड़क मार्ग::::

पूर्व प्रधान गणेश नारायण शर्मा ने बताया कि शहर में दुकानों के आगे बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं। ऐसे में जब भारी वाहन गुजरते हैं तो जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो समस्या और विकराल हो सकती है।

तेज हॉर्न से दुकानदार परेशान:::::

जाम के दौरान भारी वाहनों के तेज हॉर्न से दुकानदारों की परेशानी और बढ़ जाती है। मुख्य बस स्टैण्ड पर स्थित एक दुकानदार ने बताया कि लगातार बजने वाले तेज हॉर्न से कई दुकानदारों की सुनने की क्षमता तक प्रभावित हो रही है। दिनभर इस शोर के बीच काम करना मुश्किल हो गया है।

शादी सीजन में बढ़ा यातायात दबाव::::

इन दिनों शादियों का सीजन होने के कारण शहर में वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। बारातों और समारोहों में आने-जाने वाले वाहनों से यातायात का दबाव और बढ़ गया है, जिससे जाम की समस्या बार-बार सामने आ रही है।

पूर्व प्रधान शर्मा ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में दुकानों के आगे हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। उनका कहना है कि जब तक सड़कें चौड़ी नहीं होंगी और अतिक्रमण नहीं हटेगा, तब तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। (कासं)

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *