डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के माथुगामड़ा गांव में एक निर्माणाधीन मकान में काम करते समय मकान मालिक और एक कारीगर को करंट लग गया। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, माथुगामड़ा निवासी सूरजमल यादव के घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। गेजी उम्बेला निवासी कारीगर सुरमाल कटारा छत की भराई के लिए सरिये बांधने का काम कर रहा था। मकान मालिक सूरजमल भी पास खड़े होकर काम का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान, मकान के ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में दोनों आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों अपना संतुलन खो बैठे और सीढ़ियों से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।


