कौशांबी जिला प्रशासन ने मिट्टी धंसने से हुई दुर्घटना के 12 घंटे के भीतर मृतकों के परिजनों को सहायता राशि वितरित कर दी है। प्रदेश सरकार के आदेश पर यह राशि जारी की गई। दैवीय आपदा राहत कोष के तहत तीनों मृतकों – गीता देवी, उत्तरा देवी और बालिका अंकिता – के वैध वारिसों के बैंक खातों में 4-4 लाख रुपये (कुल 12 लाख रुपये) की धनराशि सीधे हस्तांतरित (DBT) की गई है। प्रशासन ने रविवार सुबह 7 बजे हुई दुर्घटना के बाद तेजी से कागजी कार्रवाई पूरी की। जिलाधिकारी कौशांबी डॉ. अमित पाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन आपदा की स्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ा है और भविष्य में भी ऐसी घटनाओं में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कौशांबी के मंझनपुर तहसील क्षेत्र के चक थांबा गांव में रविवार सुबह तालाब से मिट्टी खुदाई के दौरान मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी।


