CG News: बीरगांव क्षेत्र स्थित एक ईंट-भट्ठे पर बाल श्रम का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सुबह करीब 6 बजे छापा मारकर तीन नाबालिग बच्चियों को काम करते हुए बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, टीम ने पहले स्थल का निरीक्षण किया था और फिर रणनीति बनाकर सुबह दोबारा दबिश दी। छापेमारी के दौरान तीनों बच्चियां ईंट-भट्ठे पर काम करती मिलीं, जिनकी उम्र 14 वर्ष से कम पाई गई।
आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बताया कि रेस्क्यू के तुरंत बाद टीम ने बच्चियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। अब उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसमें शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर जीवन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दोषियों के खिलाफ बाल श्रम निषेध अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण इकाई, श्रम विभाग, सामाजिक कार्यकर्ताओं और चाइल्डलाइन की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में माधुरी शर्मा, संजय निराला, गोरखनाथ पटेल, श्रम निरीक्षक पटेल, अभिमन्यु भरिया और विपिन ठाकुर मौजूद थे।
पुलिस ने अभियान चलाकर पकड़े 159 वारंटी
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट सेंट्रल जोन ने फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता के निर्देश पर टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर 159 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई। इन टीमों ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ दबिश दी। सघन कार्रवाई करते हुए 38 गिरफ्तारी वारंट और 25 स्थायी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इससे पहले पिछले सप्ताह भी सेंट्रल जोन पुलिस ने 52 गिरफ्तारी वारंट और 44 स्थायी वारंट तामील किए थे। इस प्रकार, दो सप्ताह में कुल 90 गिरफ्तारी वारंटियों और 69 स्थायी वारंटियों को पकड़ा गया है।
इससे सम्बंधित खबर
छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
रायगढ़ पुलिस ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बीच सक्रिय एक बड़े मानव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। 17 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार दलालों और एक खरीदार को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के अनुसार, 26 नवंबर 2025 को उसकी एक परिचित महिला उसे नौकरी का झांसा देकर रायगढ़ लाई। यहां से गिरोह के सदस्यों ने उसे सागर (मध्य प्रदेश) ले जाकर 1.5 लाख रुपए में सुनील नामक व्यक्ति को बेच दिया और उसकी जबरन शादी करा दी। पढ़े पूरी खबर


