‘2027 में सैफई की ओर प्रस्थान करेंगे अखिलेश’, बंगाल की वोटिंग के बीच केशव प्रसाद मौर्य का करारा हमला

‘2027 में सैफई की ओर प्रस्थान करेंगे अखिलेश’, बंगाल की वोटिंग के बीच केशव प्रसाद मौर्य का करारा हमला

“हमें पूरा विश्वास है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष चुनाव कराने में सफल होगा। यदि पश्चिम बंगाल(Bengal Election 2026) के मतदाताओं को निडर होकर मताधिकार का प्रयोग करने का मौका मिलता है, तो परिणाम चौंकाने वाले होंगे। जिस तरह 2014 और 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, ठीक वही इतिहास 2026 में पश्चिम बंगाल में दोहराया जाएगा।” लखनऊ में मीडिया से बातचीत करते हुए मौर्य ने ये बातें कहीं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल की जनता अब विकास के मुद्दे पर मुहर लगाएगी।

‘2027 में होंगे चारों खाने चित’

बंगाल चुनाव पर अपनी बात रखने के साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर भी जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर तंज कसते हुए मौर्य ने उन्हें ‘सपनों की दुनिया’ से बाहर आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने निरंतर देखें, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन जब 2027 के विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे, तो वह चारों खाने चित नजर आएंगे। जनता उन्हें फिर से नकार देगी और वह सैफई की ओर प्रस्थान करते हुए दिखाई देंगे।

भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत रही: ब्रजेश पाठक

बंगाल में मतदान के दौरान हुई हिंसा पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह आशंका कि टीएमसी के गुंडे मतदान के दौरान या उससे पहले अराजकता फैला सकते हैं, आज सच साबित हो गई है। भाजपा ने आयोग को लिखित में शिकायत दी है कि वहां बड़ी हिंसा हो सकती है। टीएमसी के गुंडों ने सोची समझी रणनीति के तहत कायराना हरकत की है। लेकिन, इससे कुछ नहीं होने वाला है। भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत रही है, टीएमसी को बंगाल से जाना होगा, विकास की मुख्यधारा से बंगाल को जोड़ने के लिए वहां पर भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

‘कांग्रेस की विचारधारा पूरे तरह से समाजविरोधी’

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा अच्छा प्रदर्शन करेगी। पहले से बेहतर स्थिति होगी। खड़गे द्वारा पीएम मोदी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा पूरे तरह से समाजविरोधी है, वे संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान नहीं करते हैं, सभी संस्थानों पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी रीत रही है। देश की जनता देख रही है समय आने पर जवाब मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *