राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: दौसा के करणपुर में चुनाव का पूर्ण बहिष्कार, एक भी वोट नहीं पड़ा; जानें वजह

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: दौसा के करणपुर में चुनाव का पूर्ण बहिष्कार, एक भी वोट नहीं पड़ा; जानें वजह

Rajasthan Dausa Panchayat Election 2026: महुवा (दौसा): दौसा जिले में पंचायत समिति महुवा की ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा के करणपुर गांव में पंचायत परिसीमन के विरोध में ग्रामीणों ने पंचायतीराज चुनाव का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि करणपुर को ग्राम पंचायत पाटोली से हटाकर पीपलखेड़ा में शामिल करना गलत है। विरोध के चलते गांव में एक भी वोट नहीं डाला गया और मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी बैठी रही।

हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताते रहे ग्रामीण

ग्रामीण सीताराम गुर्जर ने बताया कि राजनीतिक कारणों से करणपुर को पाटोली पंचायत से हटाकर पीपलखेड़ा में शामिल किया गया है। उनका कहना है कि करणपुर टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र में आता है, जबकि पीपलखेड़ा महुवा विधानसभा क्षेत्र में है। ग्रामीणों ने इसी व्यवस्था के विरोध में मतदान नहीं करने का निर्णय लिया। गांव के लोग स्कूल में एकत्रित होकर हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताते रहे।

क्या बोले रिटर्निंग अधिकारी…

रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना ने बताया कि शायपुर ग्राम पंचायत के प्यार का नंगला गांव में भी पंचायत मुख्यालय प्यार का नंगला बनाए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।

महुवा क्षेत्र में पंचायतराज चुनाव के दौरान ग्राम पंचायत पीपलखेड़ा के बूथ नंबर 15 पर जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए ईवीएम खराब हो गई। सुबह 10:30 बजे ईवीएम खराब हुई, जिसमें 66 वोट डाले जा चुके थे। महुवा पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी प्रेमराज मीना ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण ईवीएम बंद हो गई थी। इसे बदल दिया गया है और नई ईवीएम से मतदान शुरू करवा दिया गया है। इसी प्रकार पावटा में भी कुछ समय के लिए मशीन में खराबी आने के कारण मतदान प्रभावित रहा।

30 अक्टूबर को होंगे सरपंच-वार्ड पंच के चुनाव

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि द्वितीय चरण में 30 अक्टूबर को बैजूपाड़ा, बांदीकुई, बसवा, महुवा, मंडावर एवं मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समिति क्षेत्रों की 141 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 1,223 वार्डों में पंच के चुनाव होंगे।

इन क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतपत्रों के माध्यम से मतदान होगा। उन्होंने बताया कि बैजूपाड़ा की 18 ग्राम पंचायतों एवं 148 वार्डों, बांदीकुई की 44 ग्राम पंचायतों एवं 380 वार्डों, बसवा की 18 ग्राम पंचायतों एवं 166 वार्डों, महुवा की 23 ग्राम पंचायतों एवं 201 वार्डों, मंडावर की 15 ग्राम पंचायतों एवं 133 वार्डों तथा मनोहरपुर खेड़ला की 23 ग्राम पंचायतों एवं 195 वार्डों में चुनाव होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *