हरदा के 485 कोटवार 30 अक्टूबर को भोपाल कूच करेंगे:सात दिन का धरना खत्म, बोले- पक्की नौकरी और सेवा भूमि का हक मिले

हरदा के 485 कोटवार 30 अक्टूबर को भोपाल कूच करेंगे:सात दिन का धरना खत्म, बोले- पक्की नौकरी और सेवा भूमि का हक मिले

हरदा जिले के 485 कोटवार 30 अक्टूबर को भोपाल कूच करेंगे। बुधवार शाम मध्यप्रदेश आजाद कोटवार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर अशोक डेहरिया को सौंपा। इसके बाद कलेक्ट्रेट के पीछे सात दिन से चल रहा धरना खत्म कर दिया गया। संघ के जिलाध्यक्ष रामकिशन रोकड़े ने बताया कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो जिले समेत देशभर के करीब 38 हजार कोटवार भोपाल में अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और काम बंद हड़ताल शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मांगें पूरी नहीं होने से कोटवारों में गुस्सा है। क्या हैं मांगें? संघ की प्रमुख मांगों में 38 हजार कोटवारों को नियमित करना, सेवा भूमि पर भूमिस्वामी हक देना और वर्दी व अन्य सामग्री की राशि सीधे खातों में जमा करना शामिल है। संघ ने कोटवारों को स्थायी शासकीय कर्मचारी घोषित करने और सेवाभूमि या मालगुजार भूमि पर भूमिस्वामी अधिकार देने की मांग भी की है। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ ने 18 सितंबर को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शासन के सामने ये मांगें रखी थीं। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने कोटवारों को प्रदेश का सबसे छोटा राजस्व कर्मचारी बताया और कहा कि मांगें पूरी करना ग्रामीण जनता के हित में भी जरूरी है। संघ के मुताबिक, 4 सितंबर 2025 को भोपाल के अटल पथ पर प्रदेशभर से आए हजारों कोटवारों ने तिरंगा यात्रा निकाली थी। इसके बाद ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन मांगें अब तक पूरी नहीं हुईं। ज्ञापन में सरकार से लंबित मांगों पर विचार कर समाधान करने की मांग की गई है। संघ ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों की पदोन्नति समेत कई क्षेत्रों में काम हुए हैं, लेकिन कोटवारों को उनके अधिकारों से वंचित रखना उचित नहीं है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *