कोटा में आज से फिर मानसून एक्टिव हो गया है। शहर के कई इलाकों में आज हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले में बादल छाने और बारिश के चलते तापमान में भी गिरवट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना और ठंड़ा बना हुआ है। पिछले करीब एक सप्ताह से कोटा में बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई थी। गुरुवार सुबह हुई बूंदाबांदी से लोगों को राहत मिली। इससे पहले बुधवार को कोटा में दिनभर मौसम मुख्य रूप से साफ रहा। दोपहर में कुछ समय के लिए बादल छाए, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं हुआ, लेकिन उमस के कारण लोग परेशान रहे। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, इस मानसून सीजन में कोटा जिले में अब तक औसत से 31 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 1 सितंबर तक सामान्य बारिश का औसत 640.7 मिमी है, जबकि इस सीजन में अब तक 444.7 मिमी बारिश ही दर्ज हुई है।

