मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर बुधवार को प्रस्तावित मेरठ बंद को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने भी समर्थन दिया है। आईएमए से जुड़े चिकित्सक बुधवार को ओपीडी नहीं चलाएंगे। हालांकि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। भर्ती मरीजों का उपचार भी नियमित रूप से चलता रहेगा। आईएमए की ओर से चिकित्सकों को मैसेज भेजकर बंद के समर्थन और ओपीडी बंद रखने की जानकारी दी गई है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी ने बताया कि नर्सिंग होम एसोसिएशन की ओर से मेरठ बंद को समर्थन देने की घोषणा की गई थी। इसी के मद्देनजर आईएमए ने भी बंद का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि आईएमए से जुड़े सभी चिकित्सकों को इसकी जानकारी दे दी गई है। बुधवार को ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, जबकि आपातकालीन सेवाएं पूर्व की तरह संचालित होंगी। पुलिस अलर्ट, प्रमुख मार्गों पर तैनाती मेरठ बंद के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अलर्ट है। प्रमुख बाजारों और मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ और एसपी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमजन को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। कई स्कूलों में छुट्टी, प्रशासन ने आदेश से किया इनकार बंद के चलते शहर के कई निजी स्कूलों ने बुधवार को छुट्टी की जानकारी अभिभावकों को मैसेज के जरिए दी है। ब्रह्मपुरी और माधवपुरम क्षेत्र के कुछ निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। हालांकि जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। कई संगठनों ने नहीदी सहमति एक और इस बंदी को जहां आईएमए समेत कुछ महत्वपूर्ण संगठनों का समर्थन मिल रहा है तो वही संयुक्त व्यापार संघ, केमिस्ट एसोसिएशन, सर्राफा जैसे बड़े संगठन इस बंदी से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं।

