सवाई माधोपुर में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है। गुरुवार को नामांकन के पहले दिन सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट में पार्षद प्रत्याशियों की भीड़ देखी गई। हालांकि इस दौरान नगर परिषद सवाई माधोपुर के किसी भी वार्ड से एक भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया, लेकिन नामांकन लेने के लिए यहां बड़ी संख्या में प्रत्याशियों की भीड़ नजर आई। चुनावों की तैयारियां पूरी जिला निर्वाचन अधिकारी कानाराम ने बताया- सवाई माधोपुर में नगर निकाय चुनावों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। जिसके तहत पोलिंग पार्टियों को ईवीएम ट्रेनिंग दी जा चुकी है। सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी गई। पोलिंग बूथों पर मतदाताओं को दी जाने वाली सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई है। सवाई माधोपुर नगर परिषद के 60 वार्डों में नामांकन करने की तीन जगह व्यवस्था की गई है। 60 वार्डों के लिए तीन जगहों पर की व्यवस्था नगर परिषद सवाई माधोपुर के वार्ड 1 से 20 के लिए रिटर्निंग अधिकारी सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट परिसर के कमरा नम्बर 30 में नामांकन लेने की व्यवस्था की गई। वहीं वार्ड 21 से 40 के लिए कमरा नम्बर 32 में सहायक रिटर्निंग अधिकारी से नामांकन लेने की व्यवस्था की गई है। इसी तरह वार्ड 41 से 60 के नामांकन जिला सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अटल सेवा केन्द्र कलेक्ट्रेट परिसर में सहायक रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लिये जाने की व्यवस्था की गई है।

