बनकोड़ा-बडलिया गोशाला में विकास राशि में गबन का आरोप:ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की

बनकोड़ा-बडलिया गोशाला में विकास राशि में गबन का आरोप:ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की

डूंगरपुर जिले की आसपुर पंचायत समिति के बनकोड़ा और बडलिया ग्राम पंचायतों में संचालित गोशालाओं में अनियमितताओं और विकास राशि के गबन का आरोप लगा है। दोनों गांवों के ग्रामीण गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गोशालाओं में खर्च की गई राशि की जांच की मांग की। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि बनकोड़ा और बडलिया गांवों में सरकार ने जमीन आवंटित कर गोशालाएं खोली हैं। इन दोनों गोशालाओं का संचालन एक ही व्यक्ति द्वारा किया जा रहा है। शुरुआत में ग्रामीणों ने दोनों गौशालाओं के विकास के लिए लगभग 50 लाख रुपए का चंदा एकत्रित किया था। इसके अतिरिक्त कुछ समय पहले राज्य सरकार ने भी प्रत्येक गोशाला के विकास के लिए 30-30 लाख रुपए स्वीकृत किए थे। चंदे की राशि और सरकारी बजट से गोशालाओं में गायों के लिए शेड निर्माण, पौधरोपण और चारे की व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्य करवाए जाने थे। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला संचालक ने दोनों गोशालाओं में नाममात्र का काम करवाकर पूरी राशि निकाल ली। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गोशाला कमेटी में संचालक ने अपने परिवार के सदस्यों को शामिल किया, ताकि गबन का खुलासा न हो सके। गांव के युवाओं का कहना है कि हिसाब मांगने पर गोशाला संचालक धमकियां देता है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मामले की शिकायत करते हुए दोनों गोशालाओं का भौतिक सत्यापन और खर्च की गई राशि की विस्तृत जांच करवाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *