तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रवास के दूसरे दिन रविवार की सुबह जनता दर्शन में 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। कई लोग अपने परिजनों के इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि इस्टीमेट बनवाकर लाइए, सरकार की ओर से मदद की जाएगी। सीएम ने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद का इलाज में मदद करेगी। एक महिला ने परिजन के इलाज की गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराने का निर्देश दिया। एक महिला ने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन में मदद का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने महिला से उसके पति के अब तक हुए उपचार की जानकारी ली और भरपूर सहयोग का भरोसा देते हुए बोले- ‘घबराइए मत, आपके पति के उपचार में में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। इसके लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।’ दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोग सुबह से ही वहां पहुंचे थे। परंपरागत रूप से मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद जनता दर्शन में पहुंचे मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की समस्या सुनी। गाजीपुर के गहमर से आयी एक महिला ने बताया कि उसके पति पुलिस में हैं लेकिन साथ नहीं रखते। सीएम ने तैनाती स्थल के बारे में जानकारी ली और समाधान का भरोसा दिया। जनता दर्शन में कई लोग जमीन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी की जमीन पर अवैध रूप से किसी ने कब्जा कर लिया है तो उसे खाली कराया जाए। भू माफिया पर प्रभावी कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि तहसील एवं थाने स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण कराया जाए। अनावश्यक रूप से लोगों को परेशान न होना पड़े। सीएम एक-एक कर सभी फरियादियों के पास पहुंचे और उनसे उनकी समस्या पूछी। आवेदन पत्र लिया और संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित निराकरण का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि लोगों की समस्या का संतुष्टिपरक निराकरण होना चाहिए। महिला फरियादियों के साथ आए बच्चों को सीएम ने दुलारा। उन्हें चॉकलेट दी।

