उन्नाव में 657 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई:खाद्य विभाग ने बिना लाइसेंस चल रही मिठाई की दुकान बंद कराई, 6 नमूने जांच के लिए भेजे

उन्नाव में 657 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई:खाद्य विभाग ने बिना लाइसेंस चल रही मिठाई की दुकान बंद कराई, 6 नमूने जांच के लिए भेजे

उन्नाव में दीपावली और भैयादूज पर मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने छापेमारी की। रविवार सुबह से सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय प्रियंका सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में छह नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। करीब 657 किलो खाद्य सामग्री भी नष्ट कराई गई। इसकी कीमत लगभग 2.02 लाख रुपये बताई गई है। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में खाद्य कारोबारियों की दुकानों की जांच की। टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और लाइसेंस की स्थिति देखी।
शुक्लागंज के पुरानी बाजार स्थित मिश्रा कॉलोनी में पंकज त्रिपाठी उर्फ पंकज स्वीट्स की दुकान से हनी ड्यू, क्रीमयुक्त बर्फी और खोया के एक-एक नमूने लिए गए। जांच के दौरान 20 पीस राजभोग और पांच किलो बर्फी नष्ट कराई गई। इनकी कीमत करीब 2,600 रुपये बताई गई है। खाद्य विभाग के अनुसार, दुकान बिना लाइसेंस या पंजीकरण के चल रही थी। वहां गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। टीम ने दुकान को अगले आदेश तक बंद करा दिया। सफीपुर के सैय्यद हाता बाजार में रामचंद्र राठौर (सैय्यद) के यहां से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। विभाग के मुताबिक, 60 किलोग्राम तेल की कीमत करीब 13 हजार रुपये है।
बीघापुर थाना क्षेत्र के बीरसिंहपुर गांव में अफाक और इरफान के यहां भी कार्रवाई की गई। टीम ने पनीर के दो नमूने लिए और बिना लाइसेंस या पंजीकरण के रखे करीब 650 किलो संदिग्ध पनीर को नष्ट कराया। इसकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई यूपी 35 डीटी 8876 नंबर की बोलेरो मैक्स गाड़ी में पनीर मिलने के मामले में की गई। खाद्य विभाग के अनुसार, सभी छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *