अजमेर. जनाना अस्पताल में एक महीने से भर्ती मां की कुशलक्षेम पूछकर गांव लौट रहे 18 साल के युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार सुबह नागौर के रियांबड़ी क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मुकेंद्र और उसका दोस्त राजूराम गंभीर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुकेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके दोस्त की हालत गंभीर बनी हुई है।
मां से मिलने आया था अजमेर
पुलिस के अनुसार नागौर जिले के रियांबड़ी क्षेत्र के लाडपुरा गांव निवासी मुकेंद्र (18) पुत्र कैलाश शाह शुक्रवार को अपने दोस्त राजूराम मेघवाल के साथ अजमेर आया था। उसकी मां परिना बानो पिछले करीब एक महीने से अजमेर के जनाना अस्पताल में भर्ती हैं। मुकेंद्र मां की तबीयत जानने और उनसे मिलने के लिए दोस्त के साथ यहां पहुंचा था।
मां से मिलने के बाद दोनों शुक्रवार शाम बाइक से गांव लौटने वाले थे, लेकिन रात ज्यादा हो जाने के कारण परिजनों ने उन्हें अजमेर में ही रुकने के लिए कहा। इसके बाद दोनों ने रात अजमेर में बिताई और शनिवार सुबह बाइक से अपने गांव के लिए रवाना हो गए।
गांव पहुंचने से पहले अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दोनों अभी गांव पहुंचने ही वाले थे कि रियांबड़ी के थांवला थाना क्षेत्र में गोलाई के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेंद्र और राजूराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने मुकेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजूराम का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
हादसे की सूचना मिलने पर थांवला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मुकेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अब हादसे में शामिल अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटा रही है।

