पन्ना जिले के शाहनगर-पन्ना-कटनी मुख्य मार्ग पर शिवनगर और धर्मपुरा के बीच एक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क पर अचानक आए एक मवेशी से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अनिल रैदास और कौशल्या बाई बाइक से शाहनगर-पन्ना-कटनी मार्ग से गुजर रहे थे। शिवनगर और धर्मपुरा के पास अचानक एक मवेशी सड़क पर आ गया। बाइक चालक जब तक वाहन पर नियंत्रण कर पाता, तब तक मवेशी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे में मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद धर्मपुरा निवासी फगुनिया बाई मृत मवेशी के पास बैठकर रोती हुई दिखाई दीं।

