बरेली-बदायूं रोड पर चौबारी पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली 15 फीट गहरी खाई में गिर गई। टांडा निवासी किसान बृजभान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बृजभान फसल बेचने ट्रैक्टर-ट्रॉली से डेलापीर मंडी गए थे, चौबारी पुलिया के पास बदायूं की ओर से आ रहा पंजाब नंबर का ट्रक गलत तरीके से ओवरटेक करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए बृजभान ने ट्रैक्टर किनारे की ओर मोड़ा। पुलिया की रेलिंग कमजोर थी। ट्रैक्टर रेलिंग तोड़कर खाई में गिरा और पलट गया। ट्रॉली भी खाई में फंस गई। ट्रक चालक मौके से ट्रक समेत फरार हो गया। लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे फंसे बृजभान को बाहर निकाला और निजी अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौबारी पुलिया पुरानी है और उसकी रेलिंग कई जगह टूटी हुई है। यहां मजबूत बैरिकेडिंग और रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने पुलिया की मरम्मत कराने के साथ स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बदायूं-बरेली रोड पर तेज रफ्तार से चलने वाले पंजाब नंबर के ट्रकों और ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि ये ट्रक गलत तरीके से ओवरटेक करते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते हैं।

