संभल में सोमवार रात इंटर कॉलेज क्रिकेट कप 2026 के फाइनल में कायनात इंटरनेशनल स्कूल ने एंजल पब्लिक स्कूल को 77 रन से हराकर खिताब जीता। मुकाबला नवाब महमूद क्रिकेट अकैडमी में रात 11 बजे खेला गया। टूर्नामेंट में 16 कॉलेज और स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कायनात इंटरनेशनल स्कूल ने 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 142 रन बनाए। टीम के हसन ने 14 गेंदों में 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एंजल पब्लिक स्कूल की टीम 8 ओवर में 6 विकेट खोकर 65 रन ही बना सकी। इस तरह कायनात ने 77 रन से जीत दर्ज की। फाइनल देखने के लिए मैदान पर सैकड़ों दर्शक पहुंचे। मैच के बाद विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए गए। जीत के बाद मैदान पर आतिशबाजी भी की गई। उपविजेता टीम के कप्तान मोहम्मद अरीब ने कहा कि उनकी टीम की फील्डिंग में कमियां रहीं और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि टीम अगली बार बेहतर तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी। विजेता टीम के कप्तान अहमद हसीब ने कहा कि पूरी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने जीत का श्रेय सभी खिलाड़ियों और कोच को दिया। मुख्य अतिथि सुहैल इकबाल ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है। उन्होंने हारने वाली टीम से अगली बार बेहतर तैयारी करने और विजेता टीम को बधाई दी।

