बहराइच शहर के सत्या कॉम्प्लेक्स स्थित स्वाद रेस्टोरेंट के पीछे बने हटों में शुक्रवार-शनिवार की देर रात आग लग गई। आग ने देखते ही देखते तीन हटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनमें रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। रक्षाबंधन पर्व के कारण शुक्रवार को रेस्टोरेंट बंद था। देर रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच रेस्टोरेंट के पीछे बने तीन हटों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने आग देखकर शोर मचाया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट मालिक संजय श्रीवास्तव ने तत्काल फायर सर्विस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझ जाने से रेस्टोरेंट परिसर में मौजूद अन्य हट आग की चपेट में आने से बच गए। दमकल कर्मियों की तत्परता के कारण आग को आसपास फैलने से रोका जा सका, जिससे बड़े नुकसान से बचा गया। रेस्टोरेंट मालिक संजय श्रीवास्तव के अनुसार, आग से करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। स्थानीय स्तर पर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

