इटावा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर गुरुवार रात 8 बजे भाजपा जिला कार्यकारणी और प्रशासन की ओर से अटल पथ पर भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री कमलावती, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया, विधायक सरिता भदौरिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं ने दीप और आतिशबाजी चलाकर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और देश की तरक्की की कामना की। कमलावती ने सेवा अभियान बताया दर्जा प्राप्त मंत्री कमलावती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पूरे देश में हर्ष और उल्लास के साथ सेवा दिवस और सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक महीने तक चलेगा। इस दौरान महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, गरीब बस्तियों में स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता और अन्य सेवा कार्य किए जाएंगे। सुबह से जारी रहे सेवा कार्यक्रम कमलावती ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इटावा जिले में बूथ स्तर से लेकर वार्ड और मंडल स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से कहीं फल वितरण, कहीं रक्तदान और कहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम हुए। शाम को सभी कार्यकर्ता अटल स्थल पर एकत्र हुए और दीप प्रज्वलित किए। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद दीपोत्सव कार्यक्रम सफल रहा। कठेरिया ने दी जन्मदिन बधाई पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मोदी जी का नेतृत्व यशस्वी बना रहे और वह लगातार देश का मार्गदर्शन करते रहें, यही कामना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। पांच लाख दीपों का लक्ष्य रखा भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर इटावा जिले में पांच लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया था। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक बूथ पर 100 दीपक जलाने के साथ प्रमुख स्थानों पर 100, 200, 1100 और 2100 दीपक जलाए गए।

