सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिला पंचायत परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से 15 दिवसीय प्रदर्शनी शुरू की गई। प्रभारी मंत्री एवं जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसमें लगाई गई योजनाओं से जुड़ी जानकारी की सराहना की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग प्रदर्शनी देखने के लिए आएं और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। योजनाओं और उपलब्धियों की दी गई जानकारी प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को अलग-अलग विषयों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीब परिवारों को पक्के मकान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, फसल बीमा योजना और पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना से जुड़ी जानकारी शामिल है। इसके अलावा पीएम कुसुम योजना, हर घर बिजली, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, अटल पेंशन योजना, वोकल फॉर लोकल, कौशल विकास, रोजगार, एयर कनेक्टिविटी और अंतर्देशीय जल मार्ग जैसे विषयों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। कानून व्यवस्था और विकास कार्य भी प्रदर्शित प्रदर्शनी में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, कानून व्यवस्था, सिंचाई, स्वास्थ्य सुविधाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सैन्य शक्ति के विस्तार और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी गई है। प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को सरकार की योजनाओं और उनके लाभ के बारे में जागरूक करना है। सांसद समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद कार्यक्रम में फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

