बेटी ने बॉयफ्रेंड संग घर में की 10लाख की चोरी:रायसेन में जेवर चोरी का CCTV से खुलासा, मां ड्यूटी पर गई थी

बेटी ने बॉयफ्रेंड संग घर में की 10लाख की चोरी:रायसेन में जेवर चोरी का CCTV से खुलासा, मां ड्यूटी पर गई थी

रायसेन के दीवानगंज में लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर घर से करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर दोनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पूरा चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। मां अस्पताल गई तो घर में चोरी कमला बाई डागौर ने 17 सितंबर को सलामतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 7:45 बजे वह अपने बेटे के साथ शासकीय अस्पताल में साफ-सफाई की ड्यूटी पर गई थीं। ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौटीं तो मुख्य गेट पर ताला लगा था। ताला खोलकर अंदर जाने पर बेडरूम में पलंग की चादर पर पैरों के निशान मिले। घर का पिछला गेट खुला हुआ था। रेक पर रखे टिन के डिब्बे का ढक्कन खुला मिला। उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। CCTV से बेटी तक पहुंची पुलिस पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। जांच में उसकी पहचान फरियादिया की बेटी सृष्टि डागौर (23) के रूप में हुई। पुलिस को सृष्टि के सुखी सेवनिया में किराए के मकान में रहने की जानकारी मिली। टीम वहां पहुंची तो वह अपने दोस्त कार्तिक मेहर (25) के साथ मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया। एक साल से रिलेशनशिप में होने की जानकारी पुलिस के मुताबिक, सृष्टि और कार्तिक करीब एक साल से रिलेशनशिप में बताए जा रहे हैं। चोरी के बाद दोनों सुखी सेवनिया के किराए के मकान में रहने लगे थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने की 2 झुमकी, कनछिड़ी, 2 चेन, 2 अंगूठी, मंगलसूत्र, नाक की लौंग, कान की बालियां और टॉप्स बरामद किए। इसके अलावा चांदी के लच्छे, कमरबंद, पैरों की कड़ियां, पायल, चूड़ियां, बिछिया और हाथफूल भी मिले हैं। बरामद जेवर की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *