एडेड माध्यमिक विद्यालयों को मिले 2425 नए शिक्षक:राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किया टीजीटी का पैनल

एडेड माध्यमिक विद्यालयों को मिले 2425 नए शिक्षक:राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किया टीजीटी का पैनल

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों को जल्द ही 2425 नए प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) मिलेंगे। राज्य शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) ने 13 विषयों में चयनित अभ्यर्थियों का विषयवार पैनल जारी कर दिया है। इसके साथ ही चार साल पुरानी यह भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। टीजीटी भर्ती का विज्ञापन 9 जून 2022 को जारी हुआ था। प्रशासनिक बदलाव और कई वजहों से यह प्रक्रिया चार साल तक रुकी रही। लंबी इंतजार के बाद आखिरकार 3 और 4 जून 2026 को इसकी लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा का परिणाम 30 जून को आया, जिसमें अगले चरण के लिए 7359 अभ्यर्थी सफल हुए थे। चयन प्रक्रिया के आखिरी चरण में प्रयागराज स्थित आयोग कार्यालय में 9 से 17 जुलाई के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (अभिलेख सत्यापन) हुआ। इस वेरिफिकेशन में कुल 7359 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 7146 अभ्यर्थी मौजूद रहे, जबकि 213 अनुपस्थित थे। आयोग द्वारा तय और फिर से तय की गई तारीखों पर भी जो अभ्यर्थी नहीं आए, उनका आवेदन रद्द कर दिया गया। इसके बाद आयोग ने यह संशोधित अंतिम चयन परिणाम जारी किया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बताया है कि चयनित अभ्यर्थियों का विषयवार पैनल आयोग की वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अगले एक हफ्ते तक वेबसाइट पर दिए गए लिंक से अपना रोल नंबर और जन्मतिथि डालकर अपने नंबर देख सकते हैं। आयोग ने यह भी साफ किया है कि नंबरों से जुड़ी जानकारी आरटीआई के जरिए अलग से नहीं दी जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *