पटना यूनिवर्सिटी में छात्रों ने गुरुवार को विश्वविद्यालय बंद कराने का ऐलान किया। AISF के छात्र यूनिवर्सिटी के कार्यालयों में काम बंद कराने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दफ्तर की लाइटें बंद कर दीं और अकादमिक काउंसिल में ताला लगा दिया। LLB प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक, पीजी में फीस में व्यापक बढ़ोतरी और अब तक MFA (Master of Fine Arts) की पढ़ाई शुरू नहीं होने समेत अन्य मांगों को लेकर AISF के छात्र पिछले 4 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। बुधवार को भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह ने वार्ता के लिए बुलाया था। AISF का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल कुलपति कार्यालय पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद छात्रों ने गुरुवार को यूनिवर्सिटी बंद कराने का फैसला लिया। छात्र उर्दू विभाग और वाणिज्य महाविद्यालय को भी बंद कराने पहुंचे। छात्रों ने पहले PU के दफ्तर बंद करवाए, इसके बाद अब क्लासरूम भी खाली करवा रहे हैं। AISF के छात्र देव पाठक ने कहा, “जब Gen-Z आंदोलन पर उतरे तो धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया। ऐसे में पटना यूनिवर्सिटी के कुलपति को भी इस्तीफा देना चाहिए।” यूनिवर्सिटी से कुछ तस्वीरें… छात्रों ने कुलपति का घेराव भी किया था भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की तबीयत बिगड़ रही है। हालांकि, चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी जांच कर रही है। बुधवार को छात्रों ने कुलपति का घेराव भी किया था। इसके अलावा, AISF ने विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच पहुंचकर भूख हड़ताल के समर्थन की अपील की। कई छात्रों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। इससे पहले भी AISF ने विरोध मार्च निकाला था। AISF की छात्रा सबीना डफली बजाकर विरोध करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, “हम लोग विश्वविद्यालय बंद करा रहे हैं। स्टूडेंट्स 4 दिन से भूख हड़ताल पर हैं। वीसी टालमटोल कर अपनी बात मनवाने की कोशिश कर रहे थे। हमारी जो मांगें हैं, उन्हें स्वीकार नहीं किया गया। इसलिए हम विश्वविद्यालय बंद करा रहे हैं।” PU के कुलपति को हटाने की मांग AISF पटना जिला सचिव मीर सैफ अली ने कहा कि संगठन की 10 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू हुई थी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांगों पर विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। हमारी मांग है कि पटना विश्वविद्यालय के तानाशाह भ्रष्ट कुलपति को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। पटना यूनिवर्सिटी में AISF के प्रदर्शन से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
‘Gen-Z ने प्रधान का इस्तीफा लिया, अब VC पद छोड़े’:पटना यूनिवर्सिटी में AISF का हंगामा, विश्वविद्यालय बंद कराया; 4 दिन से भूख हड़ताल पर छात्र

