भारत-अफगानिस्तान पहला टी-20 13 सितंबर को ही होगा:दिल्ली पुलिस ने BRICS समिट के चलते टालने को कहा था; DDCA बोला- जरूरी इंतजाम हो जाएंगे

भारत-अफगानिस्तान पहला टी-20 13 सितंबर को ही होगा:दिल्ली पुलिस ने BRICS समिट के चलते टालने को कहा था; DDCA बोला- जरूरी इंतजाम हो जाएंगे

दिल्ली में 13 सितंबर को होने वाला भारत-अफगानिस्तान पहला टी-20 13 सितंबर को ही खेला जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने BRICS समिट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देते हुए मैच को आगे बढ़ाने की अपील की थी। इसके बावजूद दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने कहा कि मुकाबला तय तारीख पर ही होगा। दिल्ली पुलिस ने क्यों जताई थी चिंता दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 9 सितंबर को DDCA को पत्र भेजकर 13 सितंबर का मैच किसी दूसरी तारीख पर कराने पर विचार करने को कहा था। पुलिस के मुताबिक BRICS समिट के लिए दिल्ली में बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधि, राजनयिक और VVIP पहुंचेंगे। समिट के दौरान VIP रूट रेगुलेशन, ट्रैफिक डायवर्जन, रूट क्लियरेंस और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जरूरत होगी। इसके साथ ही मैच में करीब 25 से 35 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की बात कही गई थी। DDCA बोला- मैच नहीं टलेगा DDCA ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ बैठक के बाद मैच कराने पर सहमति जताई। संघ ने X पर लिखा कि उसे जरूरी सहयोग और व्यवस्थाओं का भरोसा दिया गया है। इसलिए 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी-20 तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा। भारत मंडपम से 5 किमी दूर स्टेडियम BRICS समिट का आयोजन भारत मंडपम में होगा। यह अरुण जेटली स्टेडियम से करीब 5 किलोमीटर दूर है। दोनों जगह महात्मा गांधी रोड से जुड़ी हैं। समिट के दौरान VVIP मूवमेंट के कारण सेंट्रल दिल्ली में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन रहेंगे। समिट के दौरान स्कूल और सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने सड़कों पर आवाजाही को लेकर एडवाइजरी भी जारी की है। 13 से 17 सितंबर तक तीन टी-20 भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को होगी। तीनों मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मैच 13 सितंबर को शाम 7 बजे शुरू होगा। इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है। यानी मैच दिल्ली में होने के बावजूद कागजों पर अफगानिस्तान होम टीम और भारत मेहमान टीम है। भारत में सुरक्षा के कारण पहले भी बदले क्रिकेट के कार्यक्रम 1991 में भारत-पाकिस्तान सीरीज: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की पिच राजनीतिक विरोध के दौरान खोद दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा और माहौल को देखते हुए पाकिस्तान का पूरा दौरा रद्द कर दिया गया था। 1992-93 भारत-इंग्लैंड दौरा: बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद सांप्रदायिक हिंसा के बीच अहमदाबाद में होने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय मैच सुरक्षा कारणों से रद्द किया गया था। हालांकि इंग्लैंड का बाकी दौरा जारी रहा। 1999 भारत-पाकिस्तान टेस्ट: दिल्ली के फिरोजशाह कोटला की पिच राजनीतिक विरोध के दौरान खोद दी गई। मैच को दिल्ली से चेन्नई शिफ्ट करना पड़ा। बाद में दिल्ली में दूसरा टेस्ट सुरक्षा इंतजामों के साथ कराया गया। 2008 भारत-इंग्लैंड सीरीज: 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद इंग्लैंड टीम दौरा बीच में छोड़कर लौट गई। सीरीज के आखिरी दो वनडे रद्द हुए। इसके बाद मुंबई का टेस्ट चेन्नई और अहमदाबाद का टेस्ट मोहाली शिफ्ट किया गया। 2008 चैंपियंस लीग टी-20: 26/11 हमलों के बाद पहला चैंपियंस लीग टी-20 भी स्थगित करना पड़ा। टूर्नामेंट के मुकाबले मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई में होने थे। सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी चिंताओं के कारण इसे टाल दिया गया।
————-
सीरीज से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो सकते हैं हर्षित राणा भारत के तेज गेंदबाज हर्षित राणा अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं। राणा अभी हैमस्ट्रिंग चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाए हैं और उन्हें फिट होने में और समय लगेगा। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *