एटा पुलिस ने लूट के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर राहुल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपए लूटने का आरोप है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ कृतिका सिंह ने शुक्रवार देर शाम कार्रवाई की जानकारी दी। भाई का इंतजार कर रहे युवक से छीने थे मोबाइल और रुपए पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर के रुकनपुर निवासी श्रीपाल ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह हाथी गेट के सामने शिकोहाबाद रोड पर अपने भाई का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उनसे दो मोबाइल फोन व जेब में रखे 25 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान हिस्ट्रीशीटर का नाम सामने आया एसएसपी डॉ. इलामारन के निर्देश और एएसपी श्वेताभ पाण्डेय व एएसपी क्राइम योगेंद्र सिंह की देखरेख में पुलिस ने मामले की जांच की। जांच के दौरान लूट के मामले में वांछित चल रहे राहुल पुत्र राजवीर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। राहुल हिंदू नगर कॉलोनी, थाना कोतवाली नगर, एटा का रहने वाला है। मुठभेड़ समेत कई मामलों में सामने आ चुका नाम पुलिस के मुताबिक, राहुल का नाम 22/23 जुलाई की रात कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के मामले में भी सामने आया था। उसके खिलाफ वर्ष 2017 और 2018 में लूट के मुकदमे दर्ज हुए हैं। वर्ष 2020 में गैंगस्टर एक्ट और 2023 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक अजब सिंह और उपनिरीक्षक राम कुमार शामिल रहे।

