कपूरथला में युवक की मौत:नशे की ओवरडोज की आशंका, 8 दिनों में तीसरी घटना, सरपंच बोले- नशे के कारोबार बंद हो

कपूरथला में युवक की मौत:नशे की ओवरडोज की आशंका, 8 दिनों में तीसरी घटना, सरपंच बोले- नशे के कारोबार बंद हो

कपूरथला के गांव बागड़िया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। मृतक की पहचान सैमुअल उर्फ सनी पुत्र अब्दुल के रूप में हुई है। इस संबंध में भुलत्थ के एसएचओ बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। जानकारी के अनुसार, रायपुर अराइयां और आसपास के इलाकों में पिछले आठ दिनों में यह तीसरी ऐसी घटना है। इससे पहले भी इसी तरह के हालात में दो अन्य युवकों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है। 9 अप्रैल को हुई थी 2 लोगों की मौत गांव रायपुर के सरपंच वरिंदर कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बताया कि 9 अप्रैल को जब गांव के दो अन्य नौजवानों की मौत हुई थी, तब पुलिस ने सैमुअल उर्फ सनी को हिरासत में लिया था। पुलिस ने उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराने की पेशकश की थी। हालांकि, सैमुअल डर के मारे घर से भाग गया और अपनी बहन के गांव बागड़िया चला गया। बीते दिन वहीं से उसकी मौत की खबर मिली है। ग्रामीणों के अनुसार, सैमुअल नशे का आदी था। स्थानीय लोगों का मानना है कि सैमुअल की मौत नशे की कथित ओवरडोज से हुई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस घटना के बाद गांव रायपुर के सरपंच वीरेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सरकार और प्रशासन से क्षेत्र में चल रहे नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे मामले लगातार सामने आते रहेंगे और नौजवानों की जान खतरे में पड़ती रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *