जबलपुर कांचघर निवासी गौरव के साथ मारपीट करने वाले दोनों आरक्षकों को पुलिस अधीक्षक ने लाइन अटैच कर दिया है। इसके साथ ही सीएसपी गोरखपुर को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने गए गौरव को दोनों आरक्षकों ने पीटा था। रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में रजिस्ट्रेशन के दौरान गुरुवार को गौरव का भीड़ से विवाद हो गया था। बैंक अधिकारियों ने रामपुर चौकी को सूचना दी। इसके बाद दो आरक्षक बैंक पहुंचे और गौरव के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे चौकी ले गए। आरोप है कि उसे पांच घंटे चौकी में बैठाकर रखा गया और वहां भी मारपीट की गई। दैनिक भास्कर डिजीटल ने इस पूरे घटनाक्रम को ना सिर्फ गंभीरता से दिखाया, बल्कि गौरव की जुबानी पूरा घटनाक्रम भी सुनाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संपत उपाध्याय ने दोनों आरक्षक योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा को लाइन अटैच कर दिया है। इसके साथ ही सीएसपी गोरखपुर एमएल नागोतिया को जांच सौंपकर जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। गौरव का कहना है कि छोटे से विवाद में दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की है, जिसको लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। गला पकड़ा, थप्पड़ मारे, धमकाया गौरव ने बताया कि- मैं गुरुवार सुबह 6 बजे पंजाब नेशनल बैंक के बाहर जाकर खड़ा हो गया था। सुबह साढ़े 10 बजे बैंक खुला तो मेरा नंबर आगे था। भीड़ एकदम से बैंक में घुसने लगी तो धक्का-मुक्की हो गई। मौके पर व्यवस्थाएं संभालने के लिए रामपुर पुलिस चौकी के आरक्षक योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा मौजूद थे। तरुण ने मुझे पीछे की तरफ धकेल दिया। विरोध किया तो गला पकड़कर थप्पड़ मारे। फिर दोनों मुझे चौकी ले गए। यहां करीब आधे घंटे तक बेल्ट और डंडों से पिटाई की। दोपहर करीब 3 बजे धमकी देकर छोड़ा कि किसी से शिकायत की तो अच्छा नहीं होगा। अंजाम भुगतने की धमकी देने का आरोप गौरव के मुताबिक वह शाम करीब साढ़े 4 बजे गोरखपुर थाने पहुंचा। यहां शिकायती आवेदन दिया। स्टाफ ने इसमें आनाकानी की। शिकायत वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा। झूठी एफआईआर दर्ज कराने की भी बात कही। दूसरी तरफ गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल शुरु से ही दोनों पुलिस आरक्षकों को बचाते हुए नजर आए। टीआई का कहना था कि गौरव बैंक में उपद्रव कर रहा था। समझाने पर नहीं माना तो पुलिसकर्मियों ने हल्का बल प्रयोग किया था। 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हो गए हैं। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालु श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक वेबसाइट jksasb.nic.in पर जाकर अप्लाई कर सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इन बैंकों में करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन पंजीकरण अधिकृत बैंक शाखाओं में जाकर कराया जा सकता है। इनमें पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू एंड कश्मीर बैंक, यस बैंक और एक्सिस बैंक की शाखाएं शामिल हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा 57 दिन तक चलेगी। पिछले साल यह 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त 2025 को खत्म हुई थी। ये खबर भी पढ़िए… अमरनाथ यात्रा रजिस्ट्रेशन करवाने वाले को डंडे-बेल्ट से पीटा जबलपुर में अमरनाथ यात्रा का रजिस्ट्रेशन कराने गए युवक ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। उसने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए कहा कि दो आरक्षकों ने उसे डंडे-बेल्ट से पीटा। एसपी संपत उपाध्याय ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पढ़ें पूरी खबर…


