Woman Murder: बरेली में ₹4500 के विवाद में खूनी खेल; बांके से महिला पर किया हमला, फिर ट्रैक्टर से कुचल कर मार डाला, जांच में जुटी पुलिस

Woman Murder: बरेली में ₹4500 के विवाद में खूनी खेल; बांके से महिला पर किया हमला, फिर ट्रैक्टर से कुचल कर मार डाला, जांच में जुटी पुलिस

Bareilly News: बरेली जिले में बिथरी चैनपुर क्षेत्र के खजुरिया ब्रह्मनान गांव में मजदूरी के 4500 रुपए नहीं देने के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने पहले महिला पर बांके से हमला किया और फिर ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। इस मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब मृतक महिला के मायके पक्ष ने महिला के पति पर ही हत्या का आरोप लगा दिया। पुलिस अब दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

ब्रह्मनान गांव निवासी विमल ने थाना बिथरी चैनपुर में दी तहरीर में बताया कि उसका भाई संजीव गांव फरीदापुर इनायत खां निवासी अर्जुन के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था। ट्रैक्टर अक्सर उनके घर पर खड़ा किया जाता था। आरोप है कि अर्जुन पर गांव के ही पप्पू के 4500 रुपए मजदूरी के बकाया थे।

शनिवार रात पप्पू और उसका भाई छुटका उर्फ धर्मपाल बकाया रकम मांगने उनके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र विवाद में बदल गई। आरोप है कि पप्पू और धर्मपाल कुछ देर बाद अपने घर से लाठी और बांका लेकर वापस लौटे और हमला बोल दिया।

जान बचाकर भागे भाई, महिला बनी निशाना

हमलावरों को देखकर विमल और उसका भाई संजीव जान बचाने के लिए भाग निकले। इसी दौरान विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए विमल की पत्नी राधा आगे आई। आरोप है कि धर्मपाल ने राधा पर बांका से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हमले के बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पप्पू ने ट्रैक्टर स्टार्ट किया और घायल राधा को कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथरी चैनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस, मायके पक्ष ने उठाए सवाल

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर मृतका के मायके वालों ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाकर मामले को और उलझा दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *