बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के कांधरपुर में किराये के मकान में रह रही एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस वक्त सामने आई जब महिला के सैन्यकर्मी पति ने कश्मीर से फोन कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, शाहजहांपुर जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र के कपूरपुर निवासी हृदेश गंगवार भारतीय सेना में तैनात हैं और इन दिनों कश्मीर के गुलमर्ग में पोस्टेड हैं। उन्होंने दोपहर करीब चार बजे कैंट इंस्पेक्टर को कॉल कर बताया कि उनकी पत्नी आकांक्षा गंगवार ने कांधरपुर स्थित किराये के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी है। पति ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर दोनों के बीच विवाहेत्तर संबंध के शक को लेकर फोन पर तीखी कहासुनी हुई थी। इसके बाद आकांक्षा ने उनका कॉल रिसीव करना बंद कर दिया।
मासूम बेटी की बात से खुला मामला
मकान मालकिन हरदेवी के अनुसार, आकांक्षा अपनी पांच वर्षीय बेटी प्रिंसा के साथ किराये पर रहती थीं। बच्ची ने आकर बताया कि मम्मी आवाज नहीं दे रही हैं। यह सुनकर हरदेवी तुरंत ऊपर कमरे में पहुंचीं, जहां आकांक्षा दुपट्टे के सहारे कुंदे से लटकी मिलीं। कमरे का दरवाजा खुला था। घटना देखकर उन्होंने अपने बेटे नरेंद्र को बुलाया और उसके माध्यम से आकांक्षा के पति को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों का इंतजार
सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का लग रहा है, लेकिन पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोस में पसरा सन्नाटा, बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसियों के मुताबिक, आकांक्षा शांत स्वभाव की महिला थीं और अक्सर अपनी बेटी के साथ ही रहती थीं। मासूम बेटी की हालत देख सभी की आंखें नम हो गईं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।


