UP: इस मंडल के विकास का नया रोडमैप तैयार, सीएम योगी के सामने कमिश्नर ने रखा विकास का मास्टर प्लान

UP: इस मंडल के विकास का नया रोडमैप तैयार, सीएम योगी के सामने कमिश्नर ने रखा विकास का मास्टर प्लान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) से शुक्रवार शाम देवीपाटन मंडल की आयुक्त Durga Shakti Nagpal ने लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंडल के चारों जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के विकास को लेकर विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।

देवीपाटन मंडल के समग्र विकास को लेकर शुक्रवार को लखनऊ में अहम बैठक हुई। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट किया। बहराइच के ओडीओपी उत्पाद भी उपहार स्वरूप दिए। बैठक में मंडल के चारों जिलों गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती की प्रमुख समस्याओं, संभावनाओं और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री के सामने एक विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत किया, जिसमें पर्यटन, कृषि, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया गया।

मंडल धार्मिक और बौद्ध पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण

आयुक्त ने बताया कि देवीपाटन मंडल धार्मिक और बौद्ध पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र है। गोंडा, श्रावस्ती और बलरामपुर में पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाकर बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए सड़क संपर्क मजबूत करने, होटल और यात्री सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया।

कतर्नियाघाट क्षेत्र में इको-टूरिज्म पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

बहराइच के कतर्नियाघाट क्षेत्र में इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने की भी विस्तृत योजना मुख्यमंत्री के सामने रखी गई। अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी।

कृषि क्षेत्र में सुधार को लेकर कई बड़े प्रस्ताव

कृषि क्षेत्र को लेकर भी कई सुझाव दिए गए। मंडलायुक्त ने आधुनिक खेती, जैविक कृषि, फसल विविधीकरण और किसान उत्पादक संगठनों को मजबूत करने की जरूरत बताई। साथ ही कृषि आधारित उद्योग स्थापित कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

मंडल को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध

मंडल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। वहीं मंडलायुक्त ने कहा कि प्रशासन देवीपाटन मंडल को विकास, रोजगार, पर्यटन और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *